Aawaz News
जौनपुर।
मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के जंघई रोड से निकले हैदरपुर मार्ग पर कबीरपुर रेलवे फाटक के पास शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सरायखेम गांव निवासी 21 वर्षीय रीना गौतम पुत्री सुरेश गौतम अपनी भाभी सुमन देवी और बहन खुशबू के साथ किसी निजी वाहन से कबीरपुर चौराहे पर उतरी थीं। इसके बाद तीनों पैदल हैदरपुर गांव स्थित रिश्तेदार के घर जा रही थीं।
जब वे कबीरपुर रेलवे फाटक के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर रीना को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि रीना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ चल रही अन्य महिलाएं बाल-बाल बच गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
रीना की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि रीना की शादी आगामी 26 मई 2026 को जंघई क्षेत्र के भुलेन गांव में तय थी। शादी से पहले हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
.png)
