Jaunpur News पंचहटिया में बाइक सवार युवक पर फायरिंग का आरोप, घायल युवक बीएचयू रेफर

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 


जौनपुर।

लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पंचहटिया इलाके में बुधवार रात लगभग 9 बजे एक बाइक सवार युवक पर फायरिंग किए जाने का आरोप सामने आया है। घटना में युवक गोली लगने से बाल-बाल बच गया, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

सूत्रों के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा गांव निवासी सौरभ कुमार यादव पुत्र अरविंद कुमार यादव अपने एक साथी के साथ किसी वैवाहिक कार्यक्रम से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। जब वे पंचहटिया पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी आरोप है कि बाइक सवार कुछ बदमाशों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी।

अचानक हुई घटना से घबराकर सौरभ यादव और उसका साथी बाइक से गिर पड़े। घायल अवस्था में सौरभ को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। साथ आए युवकों का आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग के साथ-साथ धारदार हथियार से भी हमला किया।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सौरभ की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकीय परीक्षण में सिर पर गंभीर चोट पाए जाने की पुष्टि हुई है, जिसे धारदार हथियार से लगी चोट बताया गया है। साथ ही मेडिकल रिपोर्ट में घायल के शरीर में अल्कोहल की मात्रा पाए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही शीतला चौकिया पुलिस चौकी प्रभारी एवं डायल 112 की टीम जिला अस्पताल पहुंच गई। हालांकि चौकी प्रभारी कृष्णानंद यादव ने फायरिंग की घटना से इनकार करते हुए इसे सड़क दुर्घटना बताया है।

फिलहाल इस मामले में समाचार लिखे जाने तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)