Jaunpur News इंटर की परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, दो गंभीर घायल

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 Aawaz News 



जौनपुर।

मीरगंज थाना क्षेत्र के गोधना त्रिमुहानी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंटरमीडिएट के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार करियांव गांव के दरापुर निवासी विनोद कुमार का पुत्र कुंदन गौतम सर्वोदय इंटर कॉलेज मीरगंज का छात्र था। बोर्ड परीक्षा के तहत उसका परीक्षा केंद्र जनता इंटर कॉलेज चितांव में पड़ा था। सोमवार को बायोलॉजी की परीक्षा देने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था।

बताया जाता है कि गोधना त्रिमुहानी के पास जंघई की ओर से आ रही एक बाइक से उसकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुंदन सड़क पर दूर जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रही एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे में दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतक कुंदन दो भाइयों में एक था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां ममता देवी समेत पूरे परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)