जौनपुर। Awaaz News
जनपद में तैनात पुलिसकर्मियों की सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक नई व्यवस्था लागू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर पुलिस कार्यालय में पुलिस ग्रीवांस रिड्रेसल यूनिट (PGRU) का गठन किया गया है, जिससे पुलिसकर्मियों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
यह यूनिट सिंगल विंडो सिस्टम की तर्ज पर कार्य करेगी, जहां पुलिसकर्मी वेतन विसंगति, एरियर भुगतान, वार्षिक इनक्रीमेंट, जीपीएफ से जुड़ी समस्याएं, चरित्र पंजिका में नाम, पता या शैक्षिक अभिलेखों में संशोधन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति सहित अन्य सेवा संबंधी मामलों का समाधान करा सकेंगे।
पुलिस विभाग के अनुसार, जौनपुर में कार्यरत पुलिसकर्मी अपनी समस्या पुलिस ग्रीवांस रिड्रेसल यूनिट के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। यूनिट के प्रभारी उपनिरीक्षक नयन कुमार राय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिसकर्मी मोबाइल नंबर 6393423787 पर अपनी समस्या भेज सकते हैं।
बताया गया कि यूनिट में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और तय समय-सीमा के भीतर समाधान कर संबंधित पुलिसकर्मी को जानकारी भी दी जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा यूनिट के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
पुलिसकर्मियों के हित में शुरू की गई इस पहल को विभाग के भीतर सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
.png)

