जौनपुर।
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के नई आबादी मोहल्ला अंतर्गत डाक बंगला रोड स्थित चौहान बस्ती में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला निवासी संदीप चौहान (35 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र चौहान शराब के अत्यधिक सेवन का आदी था। बताया जा रहा है कि लंबे समय से चल रहे इलाज के कारण परिवार पहले ही आर्थिक संकट से गुजर रहा था। मंगलवार सुबह शराब के नशे में घर लौटने के बाद संदीप की पत्नी से मामूली कहासुनी हो गई।
विवाद के कुछ ही देर बाद संदीप अपने कमरे में गया और वहां पंखे से रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

