जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोचन महादेव मंदिर के समीप एक विद्यालय परिसर में गुरुवार सुबह 22 वर्षीय युवक का अर्धनग्न शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रेहटी गांव निवासी अखिलेश राजभर (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मुंबई में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और कुछ दिन पूर्व ही घर आया था।
सल्फास की शीशी और पानी की बोतल मिली
पुलिस के अनुसार शव के पास से एक सल्फास की शीशी और पानी की बोतल बरामद हुई है। प्रारंभिक तौर पर विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अर्धनग्न हालत में मिला शव, परिजनों ने जताई आशंका
परिजनों के मुताबिक अखिलेश बुधवार दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह स्कूल के मैदान में उसका शव मिला।
मृतक के चचेरे भाई राजन ने बताया कि अखिलेश घर से पूरे कपड़े पहनकर निकला था, जबकि शव मिलने के समय वह केवल चड्डी और मफलर में था। उसके कुछ कपड़े स्कूल के बरामदे में मिले हैं।
परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया हो सकता है।
पुलिस कर रही जांच
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और मामले की गहन जांच जारी है।
मृतक अपने परिवार में तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसके पिता महेंद्र राजभर विदेश (दुबई) में कार्यरत बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
.png)
