आवाज़ न्यूज़
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के सलहदीपुर गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी के मायके से वापस न आने को लेकर मानसिक रूप से काफी परेशान था। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान शैलेंद्र (25 वर्ष) पुत्र रामअवध के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले शैलेंद्र और उसकी पत्नी शीलम देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी।
बताया जाता है कि शैलेंद्र अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए उसके मायके भी गया था, लेकिन वह घर आने के लिए तैयार नहीं हुई। होली के दिन भी उसने कई बार फोन कर पत्नी से घर लौटने की बात कही, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसी बीच होली के दिन घर के अन्य लोग त्योहार में व्यस्त थे। उसी दौरान शैलेंद्र घर के पास बने सीमेंट शेड के कमरे में चला गया और वहां लोहे की पाइप के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
परिजनों को शुरू में लगा कि वह रंग-गुलाल से बचने के लिए कमरे में बैठा हुआ है। काफी देर तक बाहर न आने पर परिवार के लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद रोशनदान से झांककर देखा गया तो शैलेंद्र का शव फंदे से लटका दिखाई दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतार लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के छोटे भाई शनि ने थाने में तहरीर देकर अपनी भाभी को शैलेंद्र की मौत का जिम्मेदार बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

