आवाज़ न्यूज़
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मियापुर स्थित प्राइमरी स्कूल के पास दबंगों द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई में एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार मियापुर इलाके में ललई यादव (55 वर्ष) को कुछ दबंगों ने किसी बात को लेकर इतना पीटा कि उनकी हालत गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने चीख-पुकार सुनकर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि मारपीट किन कारणों से हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

