जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अजीत चौहान (19) पुत्र ज्ञानपति चौहान सुबह घर से शौच के लिए बाहर गया था। बताया जा रहा है कि खुले मैदान में शौच करते समय अचानक उस पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक अजीत चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसका शव घर पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और शोक व्यक्त किया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

