Aawaz news
जौनपुर। त्रि-स्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य में जौनपुर जनपद ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। ई-बीएलओ एप के माध्यम से सर्वाधिक मतदाता एंट्री करने वाले जनपदों में जौनपुर को प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।
राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश के पत्र के अनुसार जुलाई 2025 से अप्रैल 2026 के बीच मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य संपन्न कराया जा रहा है। इस कार्य को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से पूरा करने में जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) डॉ. दिनेश चंद्र के नेतृत्व में जनपद के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए गए समर्पित कार्य के परिणामस्वरूप यह सफलता मिली है।
आयोग के निर्देशानुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों को सम्मानित किया जा रहा है, जिसके तहत जौनपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी को 20,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने इस उपलब्धि का श्रेय निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समन्वय और कड़ी मेहनत को दिया है। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क का परिणाम है।

