जौनपुर। बदलापुर तहसील मुख्यालय स्थित सल्तनत बहादुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रोवर्स-रेंजर्स का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भव्य रूप से प्रारंभ हुआ। 23 मार्च 2026 को आयोजित उद्घाटन सत्र में छात्र-छात्राओं को व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के महत्व से अवगत कराया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील प्रताप सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्रबंधक श्याम सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और महाविद्यालय द्वारा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. धीरेंद्र कुमार पटेल ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सौरभ सिंह परिहार और डॉ. अशेष कुमार उपाध्याय ने भी शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
रोवर्स-रेंजर्स प्रभारी डॉ. कर्मचन्द यादव ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर लेखाकार श्रतुपर्ण सिंह, कार्यालय अधीक्षक सुनील सिंह, राजुल सिंह, डॉ. विनय दुर्गेश, डॉ. ओम प्रकाश सिंह, डॉ. अरुण तिवारी सहित प्रशिक्षक नितेश कुमार प्रजापति, अवनीश चौधरी, शैलेश विश्वकर्मा, विजय प्रकाश और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

