जौनपुर। बदलापुर स्थित सल्तनत बहादुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रहे रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं को व्यक्तित्व विकास और अनुशासन के महत्व से अवगत कराया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील प्रताप सिंह ने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण से बहुमुखी व्यक्तित्व का विकास होता है। उन्होंने छात्रों से प्रशिक्षकों का सहयोग करने और प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने की अपील की।
प्राचार्य ने जानकारी दी कि महाविद्यालय में 7 और 8 अप्रैल 2026 को रोवर्स-रेंजर्स विश्वविद्यालयीय समागम का आयोजन होना है, जिसकी मेजबानी महाविद्यालय करेगा। इसके लिए सभी शिविरार्थियों को अभी से तैयारी करने की आवश्यकता है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. तिलक सिंह यादव और लेखाकार ऋतुपर्ण सिंह ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। रोवर्स-रेंजर्स प्रभारी डॉ. कर्मचंद यादव एवं डॉ. रेखा मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
शिविर का संचालन ट्रेनिंग काउंसलर नितेश कुमार प्रजापति द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान ध्वज शिष्टाचार, बीपी सिक्स, मार्च पास्ट और वर्दी संबंधी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक सुनील सिंह, प्रशिक्षक अवनीश चौधरी, शैलेश विश्वकर्मा, विजय प्रकाश सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

