जौनपुर। विकासखंड महाराजगंज ब्लॉक परिसर में मंगलवार को जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों ने भाग लेकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक मिशन प्रबंधक ध्रुव प्रकाश, मंजू बॉथम, संतोष कुमार, एडीओ आरडी आनंद मिश्रा एवं खंड विकास अधिकारी दिनेश मौर्य उपस्थित रहे। स्वयं सहायता समूहों द्वारा ‘गैलेक्सी सुपर गोल्ड पॉलिश’, चमनप्राश, ठंडा तेल सहित अन्य उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।
शिक्षा विभाग की टीम ने बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी विधियों और नियमों की जानकारी दी, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपने कार्यों के बारे में विस्तार से बताते हुए लोगों को जागरूक किया।
विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि इन योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज में अब किडनी, कोलेस्ट्रॉल सहित कई प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे लोगों को जिला अस्पताल जाने की आवश्यकता कम होगी। साथ ही उन्होंने बदलापुर को जिला बनाने का प्रस्ताव भी लोगों के बीच रखा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधीक्षक डॉ. राजेंद्र प्रसाद, नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. कृष्ण कांत निगम, एलटी रविंद्र सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर देवी प्रसाद सैनी तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

