जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी ने मछलीशहर जिले की बहुप्रतीक्षित जिला कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। इस घोषणा के साथ ही संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति के बाद मछलीशहर के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह द्वारा 20 पदाधिकारियों की सूची जारी की गई है। इस सूची में पार्टी की रणनीति के अनुसार युवाओं को प्राथमिकता दी गई है, साथ ही सामाजिक संतुलन का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
चार विधानसभा क्षेत्रों वाले इस जिले में विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। घोषित कार्यसमिति में 7 सामान्य वर्ग, 10 पिछड़ा वर्ग, 2 अनुसूचित जाति और 1 अनुसूचित जनजाति के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है।
भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। साथ ही नई टीम से आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।

