जौनपुर। गौशाला प्रबंधन में लापरवाही और अनियमितता बरतने के आरोप में ग्राम पंचायत दमोदरा के ग्राम सचिव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।
जिला विकास अधिकारी जौनपुर ने बताया कि विकास खंड रामनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत दमोदरा स्थित गोवंश आश्रय स्थल के संचालन और रखरखाव में गंभीर लापरवाही पाई गई है। इसके साथ ही गोवंश के लिए खरीदे गए भूसा आदि के भुगतान में भी नियमों का पालन नहीं किया गया।
आरोपित ग्राम सचिव संदीप कुमार, विकास खंड रामनगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि गौशाला में व्यवस्थाओं को लेकर अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती गई, जिससे गोवंश की देखभाल प्रभावित हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

