जौनपुर। मछली शहर कोतवाली क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के गायब होने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने युवक पर बहला-फुसलाकर किशोरी को भगाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी पिछले दो दिनों से घर से लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है। महिला ने बताया कि उसकी बेटी अपने साथ मोबाइल फोन भी लेकर गई है।
परिजनों को जानकारी मिली कि किशोरी का संपर्क सिद्धार्थनगर जिले के रहने वाले अमरजीत बिंद से था। इसी आधार पर युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया गया है।
प्रभारी निरीक्षक विनीत रॉय ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम किशोरी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

