जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विषय पर आधारित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने दो बच्चों अंचल और कीर्ति के अन्नप्राशन संस्कार के साथ किया।
इसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम के दौरान आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत मिशन कर्मयोगी पोर्टल/एफआरएस के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाली मुख्य सेविकाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में मुख्य सेविका निधि (बक्सा), अनीता यादव (नगर), दीपिका शुक्ला (खुटहन) तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां प्रतिभा सिंह, सरिता यादव, विद्यावती देवी, वंदना और संजू यादव शामिल रहीं। सभी को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ बुकलेट और फोल्डर का वितरण भी किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बच्चों के पोषण, टीकाकरण और सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

