जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की जान चली गई। मिट्टी ढुलाई के दौरान अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट जाने से चालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पवारा थाना क्षेत्र के गुड़ाव गांव निवासी कल्लू (30 वर्ष) पुत्र पिंकू, जेसीबी से खुदाई कर ट्रैक्टर के माध्यम से रामपुर चौथार गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर मिट्टी पहुंचाने का काम कर रहा था। मंगलवार शाम करीब 4 बजे लौटते समय ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 10 फीट गहरे गेहूं के खेत में पलट गया।
हादसे में चालक कल्लू ट्रैक्टर के नीचे दब गया। साथ में काम कर रहे लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए मछलीशहर ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन शव को घर लेकर चले गए। इस संबंध में मीरगंज थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

