जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के मयारी गांव की एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घर से लापता होने के चार दिन बाद शनिवार सुबह उसका शव घर से करीब पांच किलोमीटर दूर नहर की झाड़ियों में फंसा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान 15 वर्षीय गोल्डी पुत्री राम अचल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार पूर्वाह्न किसी बात से नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। घर से निकलने के बाद उसे लगभग दो सौ मीटर दूर शारदा नहर की पुलिया पर बैठे देखा गया था। इसके बाद से ही नहर में कूद जाने की आशंका जताई जा रही थी।
परिजनों की तहरीर पर सरपतहा पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से नहर में जाल डालकर तथा गोताखोरों के सहारे काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन उस समय कोई सुराग नहीं मिल सका।
शनिवार सुबह करीब 66 घंटे बाद सुइथाकला गांव के पास नहर की झाड़ियों में किशोरी का शव फंसा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बताया जाता है कि मृतका अपने माता-पिता की छह संतानों में सबसे छोटी थी और इस वर्ष क्षेत्र के एक कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा दी थी।
थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

