जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के उंचवाडीह गांव में गुरुवार रात एक युवक का शव घर के सामने बने बरामदे के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान गांव निवासी 25 वर्षीय अर्जुन सिंह पुत्र लाले सिंह के रूप में हुई है। वह दो भाइयों में छोटा था और अभी अविवाहित था। बताया जाता है कि उसके पिता और बड़ा भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जबकि अर्जुन अपनी मां मीना सिंह के साथ गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम देखता था।
परिजनों के अनुसार गुरुवार शाम अर्जुन ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। रात करीब नौ बजे जब उसकी मां ने भोजन के लिए आवाज दी तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया तो परिजन चिंतित हो गए और शोर मचाने लगे।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने रोशनदान से टॉर्च की रोशनी डालकर देखा तो अर्जुन का शव साड़ी के फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

