जौनपुर। जनपद में नायब तहसीलदार के पद पर तैनात अतुल सिंह का संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में चयन होने पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने उन्हें सम्मानित कर बधाई दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि अतुल सिंह कई वर्षों से यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान उन्हें कई बार असफलताओं का सामना भी करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और निरंतर प्रयास जारी रखा। उनके कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है कि उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर अतुल सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की व्यस्त जिम्मेदारियों के बावजूद जिलाधिकारी के प्रोत्साहन से उन्हें पढ़ाई जारी रखने की प्रेरणा मिलती रही। इसी वजह से वह नौकरी के साथ-साथ तैयारी करते हुए अपने लक्ष्य तक पहुंच सके।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने अतुल सिंह को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अतुल सिंह की यह उपलब्धि जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और इससे युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति लगातार मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि अतुल सिंह प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य करते हुए देश और समाज की सेवा करेंगे।

