आवाज़ न्यूज़
जौनपुर। होली के दिन लाइनबाजार थाना क्षेत्र के मियांपुर मोहल्ले में हुई ड्राइवर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार होली के दिन मियांपुर क्षेत्र में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने ड्राइवर ललई यादव की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई थी। मामले को लेकर मृतक के परिजनों की तहरीर पर लाइनबाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों विशाल सिंह (25) पुत्र विकास सिंह और सुभांशु सिंह (28) पुत्र सुनील सिंह, निवासी तारापुर कॉलोनी थाना कोतवाली जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह के साथ हेड कांस्टेबल अमलेश सिंह, दीपक सिंह, दीपक भृगुवंशी और अवधेश सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

