जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले की बेटियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। 8 मार्च को सिद्दीकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता मेरा युवा भारत अस्मिता लीग 2026 के अंतर्गत कराई जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री गिरीशचंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से महिला खिलाड़ी भाग लेंगी।
आयोजन में खिलाड़ियों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। महिला खिलाड़ियों को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया है, जिनमें अंडर-13, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बेटियों को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महिला खिलाड़ियों को पहले मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद ही उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी।
जिला युवा अधिकारी रामगोपाल सिंह चौहान ने बताया कि मेरा युवा भारत अस्मिता लीग 2026 के तहत जिले में कुल नौ खेल प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं, जिनमें यह एथलेटिक्स प्रतियोगिता भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिला खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

