जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के कपसियां गांव स्थित सेवईं नाला के चेकडैम पर स्नान के दौरान एक युवक डूबकर लापता हो गया। घंटों तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार शेरापट्टी गांव निवासी 28 वर्षीय दीपू यादव, पुत्र लोरिक यादव, अपने चार दोस्तों के साथ सोमवार दोपहर नहाने के लिए सेवईं नाला गया था। इसी दौरान वह तेज बहाव में फंस गया और देखते ही देखते पानी में समा गया।
साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया।
पुलिस द्वारा तीन गोताखोरों को लगाकर कई घंटों तक खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण खोज अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को दोबारा तलाश अभियान चलाया जाएगा। बताया जा रहा है कि दीपू यादव प्रयागराज में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था और वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

.png)