Jaunpur News ऑपरेशन के बाद विवाहिता की मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0


Aawaz News 



जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद एक विवाहिता की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को शांत कराया।


जानकारी के अनुसार दीवाईपुर गांव निवासी यशपाल की पत्नी रेखा देवी को बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए बड़ागांव स्थित मां शांति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 10 बजे चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।


परिवार के लोगों का आरोप है कि तबीयत खराब होने के बावजूद अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। कर्मचारियों ने फोन पर डॉक्टर से बात करने के बाद उन्हें एक इंजेक्शन लगाया, लेकिन रात करीब तीन बजे उनकी मौत हो गई।


परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आवश्यक जांच रिपोर्ट आने से पहले ही ऑपरेशन कर दिया गया, जिससे उनकी हालत और बिगड़ गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।


सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।


मृतका के देवर ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)