Aawaz News
जौनपुर। बक्सा थाना क्षेत्र के तेली तारा गांव स्थित साई ईंट भट्ठा के पास शुक्रवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद जनपद के हरौना थाना क्षेत्र अंतर्गत उरदैना गांव निवासी 28 वर्षीय रोबिन सिंह पुत्र सवनदरा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह बक्सा थाना क्षेत्र के तेली तारा गांव स्थित साई भट्ठा के पास भारत पेट्रोल पंप के समीप अपने एक परिचित के साथ रह रहा था।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात वह चार अन्य लोगों के साथ खाना बना रहा था। इसी दौरान वह किसी काम से वहां से निकल गया। कुछ ही देर बाद किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस के चालक सूरज कुमार की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आया, जबकि कुछ लोग उसके साथ मौजूद लोगों के साथ विवाद की आशंका भी जता रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय वहां मौजूद लोग शराब के नशे में खाना बना रहे थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

