शाहगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस में 57 शिकायतें, नौ का मौके पर हुआ निस्तारण

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 


जौनपुर। तहसील शाहगंज के सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।


समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


ग्राम सुल्तानपुर पोस्ट रसूलपुर निवासी अंगद प्रसाद यादव ने भूमि की पैमाइश कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपाल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


वहीं ग्राम कोकना पिलकिछा निवासी रमेश चंद्र उपाध्याय ने शिकायत की कि उनके मुख्य प्रवेश द्वार के सामने विपक्षियों द्वारा दीवार खड़ी कर आवागमन बाधित कर दिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सीओ चकबंदी और संबंधित अधिकारियों को जल्द समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया।

इसी तरह ग्राम शहाबुद्दीनपुर (गोवरहा) निवासी अवधेश कुमार यादव ने पुनः पैमाइश कराने और पत्थरगड्डी उखाड़ने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।


महमूदपुर सरपतहा निवासी बनवारी लाल ने अपने दिव्यांग पुत्र के लिए पेंशन और ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को पात्रता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, पत्थरगड्डी और पेंशन से संबंधित कुल 57 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से नौ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बाकी मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।


इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शाहगंज, क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं तहसील सदर में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)