पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति से की बात, पश्चिम एशिया संकट पर जताई चिंता — समुद्री मार्ग सुरक्षित रखने पर दिया जोर

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 नई दिल्ली, 21 मार्च। पश्चिम एशिया में गहराते संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेज़ेश्कियन से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ईद और नवरोज की शुभकामनाएं देने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।



बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा — "हमने आशा व्यक्त की कि यह उत्सव का मौसम पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लेकर आए।" उन्होंने क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और कहा कि ऐसे हमले क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डालते हैं तथा वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं को बाधित करते हैं।

प्रधानमंत्री ने नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा करने और समुद्री मार्गों को खुला व सुरक्षित बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए ईरान सरकार के निरंतर सहयोग की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद उपजे संकट के दौरान यह मोदी और ईरानी राष्ट्रपति के बीच दूसरी बातचीत है। इससे पहले 12 मार्च को हुई बातचीत में प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, नागरिकों की मौत और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान पर गहरी चिंता जताई थी और युद्ध की बजाय बातचीत व कूटनीति के रास्ते को अपनाने का आह्वान किया था।

बीते दो दिनों के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम एशिया के कई देशों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ फ्रांस के राष्ट्रपति से भी इस संकट पर बातचीत कर चुके हैं, जो इस मामले में भारत की सक्रिय कूटनीतिक भूमिका को दर्शाता है।

टैग: पीएम मोदी, ईरान, पश्चिम एशिया संकट, मसूद पेज़ेश्कियन, भारत विदेश नीति, राष्ट्रीय

श्रेणी: राष्ट्रीय / विदेश

दिनांक: शनिवार, २१ मार्च २०२६

संपादित: नीरज यादव स्वतंत्र, आवाज़ न्यूज़

📌 नोट: यह ख़बर यूनीवार्ता (UNI) के सौजन्य से आवाज़ न्यूज़ के पाठकों के लिए संपादित की गई है। मूल स्रोत का श्रेय UNI/univarta.com को जाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)