जौनपुर। चर्चित दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड में फरार चल रहे तीन नामजद आरोपितों में से एक रवि यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। रवि यादव खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी गांव का निवासी था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद से एसआईटी और एसटीएफ लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। सोमवार भोर में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रवि यादव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
गौरतलब है कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहां) निवासी सोनी बिंद के साथ तय हुई थी। एक मई की रात बारात लेकर जाते समय बादशाही बाजार के पास बाइक सवार बदमाशों ने कार रोककर आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मामले में मृतक के पिता रामलखन बिंद की तहरीर पर प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक शरण देने और सहयोग करने के आरोप में 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

