जौनपुर।
खुटहन ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय छताईंकला में तैनात शिक्षक हरे कृष्ण दास के निधन पर शिक्षा विभाग एवं शिक्षक समाज में शोक की लहर है। शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी विपुल उपाध्याय ने उनके पैतृक आवास गोसाईपुर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान बीईओ विपुल उपाध्याय ने कहा कि किसी शिक्षक का निधन केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज और शिक्षा जगत के लिए अपूर्णीय क्षति होती है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय हरे कृष्ण दास की कमी शिक्षा विभाग और शिक्षक समाज को हमेशा खलेगी।
बताया गया कि 53 वर्षीय हरे कृष्ण दास लिवर ट्रांसप्लांट के बाद स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उपचार के दौरान 10 मई को उनका निधन हो गया। वह वर्ष 2006 में चंदौली जिले से शिक्षा विभाग में नियुक्त हुए थे तथा वर्ष 2016 से खुटहन ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय छताईंकला में कार्यरत थे।
स्वर्गीय शिक्षक अपने चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनका इकलौता पुत्र अभिजात कृष्ण इसी वर्ष हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण किया है।
शिक्षकों द्वारा सहयोग स्वरूप एकत्र की गई एक लाख रुपये की धनराशि का चेक खंड शिक्षा अधिकारी विपुल कुमार उपाध्याय ने स्वर्गीय शिक्षक के पुत्र अभिजात कृष्ण को सौंपा।
इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष राजकुमार यादव, रोहित सिंह, सुधीर यादव, रामचंद्र यादव, आशीष यादव, प्रेमचंद यादव, सत्येंद्र यादव, विनय यादव समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : आवाज़ न्यूज़, जौनपुर

