Jaunpur News मेडिकल कॉलेज जौनपुर में पहली बार सफल पेसमेकर प्रत्यारोपण, हृदय रोगियों को मिली बड़ी राहत

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0


जौनपुर।

सिद्दीकपुर स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के कार्डियोलॉजी विभाग में पहली बार स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण की सफल प्रक्रिया संपन्न की गई। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज जौनपुर में अब हृदय रोगों के उन्नत उपचार एवं पेसमेकर प्रत्यारोपण की सुविधा औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इससे जनपद एवं आसपास के मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी।

जानकारी के अनुसार खुटहन क्षेत्र निवासी 68 वर्षीय मरीज को हृदय संबंधी गंभीर समस्या के चलते मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि मरीज की हृदय गति अनियमित और अत्यंत धीमी हो रही थी, जिसके कारण स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण आवश्यक हो गया।

मेडिकल कॉलेज जौनपुर के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.ए. जाफरी एवं जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आनंद सिंह एवं उनकी टीम ने सफलतापूर्वक पेसमेकर प्रत्यारोपित किया। ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय टीम ने पूरी सावधानी और कुशलता का परिचय दिया। वर्तमान में मरीज की स्थिति सामान्य और स्थिर बताई जा रही है तथा वह चिकित्सकीय निगरानी में है।

इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने पूरी कार्डियोलॉजी टीम को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान लगातार आधुनिक एवं उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रहा है, ताकि जनपद के लोगों को बड़े शहरों जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें।

इस सफल प्रक्रिया में डॉ. मोहम्मद शादाब, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सहित अन्य सहायक कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं पेसमेकर टेक्निकल टीम में अशोक यादव, कासिफ अहमद एवं विवेक का विशेष सहयोग रहा।

रिपोर्ट : आवाज़ न्यूज़, जौनपुर

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)