जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहाँ हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटने से उसकी चपेट में आए एक 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
दुकान के बाहर निकलते ही काल बन कर गिरा तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरोखनपुर निवासी सुधीर सिंह चौहान (28), पुत्र त्रिभुवन सिंह चौहान, शनिवार दोपहर अपनी चाय-पान की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दुकान के ऊपर से गुजर रही 11,000 KV की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक तेज धमाके के साथ टूट गया। धमाके की आवाज सुनकर सुधीर जैसे ही यह देखने के लिए बाहर निकले कि क्या हुआ है, वे सीधे टूटकर गिरे हाईवोल्टेज तार की चपेट में आ गए।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम
करंट इतना भीषण था कि सुधीर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में बिजली आपूर्ति कटवाई और उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया है।

