जौनपुर। जनपद में प्रस्तावित वृक्षारोपण-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में विभिन्न तहसीलों में कार्यशालाओं का आयोजन कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण की वैज्ञानिक विधियों, भूमि की गुणवत्ता के अनुसार पौधों के चयन तथा पौधों के संरक्षण संबंधी तकनीकी जानकारियां साझा की गईं। अधिकारियों को सामान्य एवं ऊसर भूमि में उपयुक्त प्रजातियों के चयन और रोपण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यशाला में पौधों के बीच दूरी, गड्ढों के मानक आकार, सिंचाई व्यवस्था, सुरक्षा उपायों तथा पौधों की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास में वृक्षारोपण की भूमिका को रेखांकित करते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों को पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड, तारबाड़, सुरक्षा खाई और अन्य संरक्षण उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही अभियान को लक्ष्य आधारित एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
प्रशासन का उद्देश्य वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन का रूप देकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करना है।
- आवाज़ न्यूज़
सच, समान, निष्पक्ष

