जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मझगवा गांव निवासी आर्यन गौतम (19) और सुनील गौतम (21) अपने रिश्तेदार सचिन कुमार निवासी प्रयागराज के साथ एक ही बाइक से जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जयपालपुर ढाबा के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि आर्यन और सुनील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक गांव में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात में घर से निकले थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

