जांच में ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी की पुष्टि, ग्रामीणों ने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की उठाई मांग
खुटहन (जौनपुर)। शाहगंज तहसील के ग्राम मिल्कीपट्टी (पोस्ट सौरईया) में पिछले 12 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से करीब 35 परिवार भीषण गर्मी में परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खराब ट्रांसफार्मर बदलने के बजाय विभाग ने मरम्मत किया हुआ ऐसा ट्रांसफार्मर लगा दिया, जिसमें पहले से ही तकनीकी खराबी थी।
ग्रामीणों के अनुसार 14 जून को गांव का 25 केवीए ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। अगले दिन 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद 17 जून को मरम्मत किया गया ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन उसमें बी-फेज की सप्लाई शुरू से ही प्रभावित रही।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद कई दिनों तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। 25 जून को पिलकिछा विद्युत उपकेंद्र की टीम द्वारा जांच के दौरान ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी पाए जाने की बात सामने आई। आरोप है कि लोड पड़ते ही बी-फेज की सप्लाई पूरी तरह बंद हो जाती है।
ग्रामीणों ने शिकायत संख्या PU25062610505 के माध्यम से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन करने को विवश होंगे।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि दोषपूर्ण ट्रांसफार्मर लगाए जाने की जिम्मेदारी तय करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
— आवाज़ न्यूज़

