वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी मजदूर सभा द्वारा प्रदेशभर में आयोजित की जा रही मजदूर पंचायतों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को वाराणसी के शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के भवानीपुर गांव में मजदूर पंचायत का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं वाराणसी प्रभारी डॉ. अमित यादव ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक करोड़ मजदूरों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों से मजदूर वर्ग के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं तथा नए लेबर कोड श्रमिकों के हितों के बजाय उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाले हैं।
डॉ. अमित यादव ने कहा कि मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने मजदूरों से सम्मानजनक मजदूरी, बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा, युवाओं को रोजगार तथा ठेका प्रथा के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पार्षद गोविंद सिंह पटेल एवं जिला पंचायत सदस्य शंभू यादव भी उपस्थित रहे। पंचायत की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जय सिंह यादव 'टाइगर' ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव धनंजय साहनी ने किया।
इस अवसर पर अरुण कुमार मौर्य, डी.एन. गुप्ता, प्यारेलाल, मुन्ना लाल यादव, श्याम प्रकाश, केशव यादव, विष्णु प्रसाद यादव, मगरू, विशाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं मजदूर मौजूद रहे।
— आवाज़ न्यूज़

