जौनपुर। खुटहन थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर कथित रूप से रंगबाजी, भड़काऊ और हिंसक वीडियो पोस्ट कर भय का माहौल बनाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर रंगदारी, मनबढ़ई और आक्रामक गतिविधियों से जुड़े वीडियो व पोस्ट साझा करता था। उसकी गतिविधियों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बनने की शिकायतें मिल रही थीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मो. इसरा पुत्र मो. अली, निवासी शेख अशरफपुर, थाना खुटहन को हिरासत में लिया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उसके विरुद्ध बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों से भी अपील की गई है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध या भड़काऊ गतिविधियों से दूर रहें।
— आवाज़ न्यूज़

