जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बनरहिया बाग स्थित गैस एजेंसी परिसर में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक लेकर पहुंचे चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के चवरपुर गांव निवासी 42 वर्षीय त्रिभुवन प्रजापति गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक लेकर बनरहिया बाग स्थित गैस एजेंसी पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और वह एजेंसी के पास ही अचेत होकर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की सूचना पर गौराबादशाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
— आवाज़ न्यूज़

