दृष्टि आईएएस में फायर सेफ्टी और एंट्री-एग्जिट व्यवस्था में कमियां मिलीं, जिलेभर में शुरू हुआ जांच अभियान
जौनपुर। जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शहर के भारत लाइब्रेरी, दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट और सक्सेस पाठशाला का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल वायरिंग, फायर अलार्म और आपातकालीन निकास व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं। संस्थान का मुख्य प्रवेश मार्ग बेसमेंट से होकर तीसरी मंजिल तक जाने पर जिलाधिकारी ने आपात स्थिति में छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने संस्थान को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी, लेकिन संस्थान से यह स्पष्ट करने को कहा जाएगा कि वह किन मानकों और अनुमतियों के आधार पर संचालित हो रहा है। जांच रिपोर्ट और जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सक्सेस पाठशाला में सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। यहां दो एग्जिट गेट, आपातकालीन निकास मार्ग और फायर फाइटिंग सिस्टम सहित अन्य सुरक्षा उपकरण पूरी तरह क्रियाशील मिले। भारत लाइब्रेरी में भी कुछ कमियां मिलने पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर शाहगंज, बदलापुर समेत अन्य तहसीलों में भी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने बेसमेंट और संकरे स्थानों में संचालित कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरी का निरीक्षण शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने फायर सेफ्टी, विद्युत सुरक्षा और आपातकालीन निकास मार्गों की जांच करते हुए संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि भवन निर्माण नियमों और अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
— आवाज़ न्यूज़

