Jaunpur News : बसपा की समीक्षा बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, कई नेताओं ने थामा हाथ

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0



जौनपुर। बहुजन समाज पार्टी की ओर से रविवार को शहर स्थित एक मैरेज हॉल में एक दिवसीय कार्यकर्ता समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों तथा बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. विजय प्रताप रहे, जबकि बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन जिला अध्यक्ष डॉ. संग्राम भारती ने किया। मुख्य अतिथि ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान विभिन्न दलों और संगठनों से जुड़े कई लोगों ने बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के बढ़ते जनाधार का संकेत बताया। सदस्यता ग्रहण करने वालों में अब्दुल्ला खान, सेराज अहमद, एजाज अहमद, अब्दुल करीम, राशिद, विजय प्रताप यादव एडवोकेट तथा सुरेंद्र मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम में वाराणसी मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जोन प्रभारी भी मौजूद रहे। उन्होंने संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

बैठक में जिले भर से आए पदाधिकारियों, विधानसभा प्रभारियों, सेक्टर एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पार्टी नेताओं ने संगठन विस्तार और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)