जौनपुर। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला कारागार जौनपुर में साप्ताहिक योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को योग एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ जेल अधीक्षक पवन कुमार द्विवेदी ने किया। इस दौरान मुख्य योग प्रशिक्षक डॉ. ध्रुवराज योगाचार्य एवं आचार्य हरिदास वैद्य ने बंदियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया।
योग सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. ध्रुवराज योगाचार्य ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मानसिक तनाव, अवसाद, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और मोटापे जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम में बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जेलर सुभाष कुमार, डिप्टी जेलर नन्द किशोर, शिक्षाध्यापक प्रदीप कुमार अस्थाना सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
जेल प्रशासन का मानना है कि योग जैसी गतिविधियां बंदियों के व्यक्तित्व विकास और मानसिक स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
— आवाज़ न्यूज़

