आवाज़ न्यूज़ | जौनपुर
जौनपुर पुलिस ने फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) और पिरामिड चेन नेटवर्क के जरिए बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य सरगना सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नौकरी के नाम पर फंसाए गए करीब 30 युवक-युवतियों को भी सकुशल मुक्त कराया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना लाइन बाजार पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी "MS EARTH इंटरप्राइजेज" और "Royal Health Wellness Private Limited" के नाम से फर्जी कंपनी संचालित कर रहे थे।
जांच में सामने आया कि बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के बेरोजगार युवाओं को फोन कर वाराणसी बुलाया जाता था। उन्हें ₹25 हजार प्रतिमाह वेतन वाली नौकरी का झांसा देकर इंटरव्यू कराया जाता और रजिस्ट्रेशन व ज्वाइनिंग फीस के नाम पर ₹30 हजार से ₹35 हजार तक वसूले जाते थे।
आरोप है कि युवाओं को बदले में केवल ₹1,000 से ₹2,000 कीमत की सामान्य किट दी जाती थी। प्रशिक्षण के दौरान उनका ब्रेनवॉश कर प्रत्येक सदस्य को तीन नए लोगों को जोड़ने का दबाव बनाया जाता था। ऐसा न करने पर वेतन रोकने और जमा धन वापस न करने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस जांच में गिरोह के सरगना राहुल राजभर के यूनियन बैंक खाते में लगभग ₹34 करोड़ के लेन-देन का भी पता चला है।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल राजभर (वाराणसी), संतोष कुमार पटेल (बांदा), हवलदार पाल (सुल्तानपुर), प्रदीप पाल (सुल्तानपुर), चन्दन दोहरे (कन्नौज), तिरोस राजभर (जौनपुर) तथा अरविन्द राजभर (वाराणसी) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, एक थार गाड़ी, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक पल्सर मोटरसाइकिल, ₹600 नकद तथा कंपनी से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
इस मामले में थाना लाइन बाजार में मुकदमा संख्या 280/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

