आवाज़ न्यूज़ | शाहगंज, जौनपुर
शाहगंज तहसील में स्थानांतरित उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव के सम्मान में लेखपाल संघ शाहगंज के तत्वावधान में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं ने उनके कार्यकाल को जनहित, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान लेखपाल संघ की ओर से उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने लेखपाल संघ एवं तहसील परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शाहगंज में मिला सहयोग, स्नेह और आत्मीयता उनके लिए हमेशा यादगार रहेगी।
समारोह में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार, पूर्व जिला उपाध्यक्ष विकास केशरवानी, पूर्व अध्यक्ष सनन्दन भट्ट, दिनेश यादव, चंद्रिका, रमेश वर्मा, प्रीति सिंह सहित लेखपाल संघ के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लेखपाल उपस्थित रहे। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं मंत्री ने भी समारोह में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन लेखपाल संघ शाहगंज के तहसील अध्यक्ष इंजी. विकास सिंह एवं तहसील मंत्री विवेक सिंह के नेतृत्व में किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव को भावभीनी विदाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की कामना की।

