जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी–सुम्बलपुर मोड़ के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार महिंद्रा XUV अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी चार बाइकों को रौंदते हुए आगे खड़ी एक स्कॉर्पियो से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए।
दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र स्थित बड़ावा इस्लामपुर महादेव गांव निवासी करन बिंद (18 वर्ष), पुत्र गनेश बिंद को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने XUV चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

