आवाज़ न्यूज़ | शाहगंज, जौनपुर
क्रांतिकारी पत्रकार परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गुरुवार को शाहगंज तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अंकुर वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। जिला अध्यक्ष चंद्रजीत यादव एवं तहसील अध्यक्ष अरुण कुमार यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को राष्ट्रनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का राष्ट्रप्रेम, त्याग और संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्श नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करते हैं।
बैठक के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं तथा विभिन्न जनहित एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष चंद्रजीत यादव ने पत्रकारों के समक्ष आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों से एसडीएम को अवगत कराते हुए उनके समाधान की मांग की।
उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने सभी पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों से जुड़े मामलों एवं जनहित के मुद्दों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा प्रशासन सदैव सकारात्मक सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।
इस दौरान वाराणसी मंडल अध्यक्ष ब्रजेश उपाध्याय, विधिक सलाहकार सुभाष चंद्र यादव एडवोकेट, जिला प्रभारी राजीव रतन श्रीवास्तव, जिला महासचिव हीरामणि गौतम, जिला सचिव मोनू कुमार, जिला उपाध्यक्ष अजय बहादुर, तहसील अध्यक्ष अरुण कुमार यादव, संदीप सोनी, मोहम्मद ताज, मनोज कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार बिंद, अमित कुमार, दयाशंकर यादव, शैलेश नाग, शुभम यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

