आवाज़ न्यूज़ | जौनपुर
जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र स्थित बसहरा गांव में गुरुवार को महाराष्ट्र के मुंबई स्थित चेंबूर क्राइम ब्रांच की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चेंबूर क्राइम ब्रांच की टीम पिछले कई दिनों से गोपनीय तरीके से दो आरोपियों की तलाश में जौनपुर में डेरा डाले हुए थी। लोकेशन की पुष्टि होने पर गुरुवार को बरसठी पुलिस के सहयोग से बसहरा गांव में दबिश दी गई, जहां से सत्यम मिश्र पुत्र सुशील मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि इस दौरान टीम का दूसरा वांछित आरोपी किसन यादव मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तारी के बाद सत्यम मिश्र को बरसठी थाने लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। इसके बाद मुंबई पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
स्थानीय पुलिस के अनुसार सत्यम मिश्र महाराष्ट्र में दर्ज एक आपराधिक मुकदमे में वांछित था। मामले की जांच चेंबूर क्राइम ब्रांच कर रही है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए मुंबई पुलिस ने मुकदमे के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
इस कार्रवाई में चेंबूर क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक सुशांत सावंत, सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीकांत काळे, हेड कांस्टेबल अंकुश वानखेड़े तथा हेड कांस्टेबल संजय भालेराव शामिल रहे। बरसठी पुलिस ने पूरी कार्रवाई के दौरान कानूनी सहयोग प्रदान किया।
थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी सत्यम मिश्र को ट्रांजिट रिमांड पर संबंधित टीम के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं दूसरे वांछित आरोपी किसन यादव की तलाश जारी है। मामले की विस्तृत विवेचना मुंबई पुलिस द्वारा की जा रही है।
