Jaunpur News बदलापुर में बोलेरो की टक्कर से दंपती की मौत, पत्नी ने मौके पर तोड़ा दम

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 



जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के कालिंजर मोड़ के पास सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।


जानकारी के अनुसार सुलतानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी रमेश गौतम (29) अपनी पत्नी रीता देवी (35) के साथ जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव जा रहे थे। बताया गया कि दोनों पत्नी की रिश्तेदारी में हुई मौत के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे।


इसी दौरान बदलापुर थाना क्षेत्र के कालिंजर मोड़ के पास उनकी बाइक तेज गति से जा रही बोलेरो की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि रीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रमेश गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 11 बजे उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


मृतक दंपती के दो पुत्र रवि (18) और रितेश (लगभग 16) हैं। माता-पिता की एक साथ मौत की खबर से दोनों बेटों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)