बदलापुर/जौनपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के प्रांगण में टीबी रोगियों के लिए पोषाहार वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 66 टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार वितरित किया गया।
सिंगरामऊ के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा ने टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने और खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने टीबी मरीजों के लिए संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
संस्था की प्रबंधक-सचिव डॉ. अंजू सिंह ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की।
बदलापुर के एसटीएस तरुण कुमार ने टीबी मुक्त भारत ऐप की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐप का उद्देश्य टीबी मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़कर उनका लाभ उपलब्ध कराना है। इस दौरान कुछ मरीजों का ऐप पर पंजीकरण भी कराया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेश त्रिपाठी ने किया। वहीं अंकिता सिंह ने टीबी रोग से संबंधित गीत और स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में संस्था की कोषाध्यक्ष शीला दुबे, सौरभ सिंह, अंकिता सिंह, सौम्या सिंह, संतोष कुमार, सत्यजीत, लालमणि मिश्रा, सद्दाम, कंचन, अंजली, जबीं अख्तर, ऊषा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

