जौनपुर। खुटहन विकासखंड की ग्राम पंचायत इमामपुर में जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से जाम पड़े सरकारी नाले की सफाई, नाला निर्माण और जर्जर पक्की नाली की मरम्मत कराने की मांग उठाई।
ग्रामीणों के अनुसार शांति शिक्षण संस्थान से इमामपुर (भिखारीपुर तिरमुहानी) होते हुए इमामपुर बॉर्डर पुलिया तक जाने वाला सरकारी नाला लंबे समय से मिट्टी और अन्य मलबे से पटा है। इसके अलावा मुख्य मार्ग से रामजानकी मंदिर के आगे जुम्मन के पाही तक बनी पक्की नाली भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि नाले और नाली की स्थिति खराब होने के कारण बारिश के पानी की निकासी प्रभावित होती है और जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलनिकासी की यह व्यवस्था इमामपुर के साथ ही शेखपुर, अशरफपुर, ताजूपुर, संजरपुर, जंजीरगंज और भिखारीपुर सहित आसपास के कई गांवों के बरसाती पानी की निकासी से जुड़ी है। नाले की सफाई नहीं होने पर बारिश के दौरान घरों, मंदिर और विद्यालय परिसर में पानी पहुंचने की आशंका बनी रहती है।
धरने की जानकारी मिलने पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए मौके पर टीम गठित कर जांच कराने की बात कही। ADM ने आश्वासन दिया कि जांच के आधार पर नाला सफाई, निर्माण और क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने पुराने आराजी संख्या 125 से संबंधित नाले, जिसका नया नंबर 249 बताया गया है, की तत्काल सफाई और निस्तारण की मांग प्रशासन के सामने रखी। इसके साथ ही जंग बहादुर सोनी के घर से प्रजापति बस्ती होते हुए प्रदीप गौतम के घर तक नई नाली निर्माण की मांग भी उठाई गई।
इमामपुर बाजार से गौसपुर-ताजुद्दीनपुर बाजार तक जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग भी ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष रखी। ग्रामीणों ने कहा कि नाला और नाली की समस्या का स्थायी समाधान होने से कई गांवों को जलभराव से राहत मिल सकती है।
प्रशासन की ओर से जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया और जल्द समस्या का समाधान होने की उम्मीद जताई।
धरने में सुजीत वर्मा एडवोकेट, अशोक अग्रहरि, सर्वजीत गौतम, प्रेमचंद अग्रहरि, जोगिंदर गौतम, रितेश अग्रहरि, राना सिंह, सूबेदार कनौजिया, अमन अग्रहरि, सतीश उर्फ सोनू अग्रहरी, विपिन पाल, बृजेश अग्रहरी, अखिलेश विश्वकर्मा, मोहम्मद समीर, सुनील अग्रहरि, रविंद्र गौतम, आनंद कुमार गौतम, प्रवेश कुमार यादव, दीन मोहम्मद, वरिष्ठ पत्रकार छेदी लाल वर्मा, मिठाई लाल गौतम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

