आवाज़ न्यूज़ | खुटहन, जौनपुर
खुटहन विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय भटपूरा में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा पर भारी पड़ रहा है। विद्यालय में चारदीवारी नहीं है, पेयजल व्यवस्था खराब है और पर्याप्त कक्षों की कमी के कारण 157 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
विद्यालय में प्रधानाध्यापक जुम्मन अंसारी के नेतृत्व में शिक्षक एवं शिक्षामित्र नियमित रूप से शिक्षण कार्य कर रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद पूरा स्टाफ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास कर रहा है, लेकिन आधारभूत सुविधाओं की कमी उनके सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।
चारदीवारी न होने के कारण विद्यालय परिसर में आवारा पशु और बाहरी लोगों का आसानी से प्रवेश हो जाता है। विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से हर वर्ष पौधारोपण किया जाता है, लेकिन पशुओं और शरारती तत्वों के कारण पौधे नष्ट हो जाते हैं। विद्यालय परिवार का कहना है कि चारदीवारी बनने से बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी संभव होगा।
विद्यालय की पेयजल व्यवस्था भी लंबे समय से प्रभावित है। पानी की टंकी की पाइप क्षतिग्रस्त होने से बच्चों और शिक्षकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में कठिनाई हो रही है। कई बार समस्या उठाए जाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
विद्यालय में 157 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि उपलब्ध कक्ष आवश्यकता से कम हैं। इसके कारण एक ही कक्ष में अधिक संख्या में बच्चों को बैठाकर पढ़ाई करानी पड़ती है, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होती है।
विद्यालय में प्रधानाध्यापक जुम्मन अंसारी, शिक्षक वीरेन्द्र कुमार सिंह, श्रीमती निर्मला, विवेक कुमार तथा शिक्षामित्र श्रीमती पुष्पा श्रीवास्तव और गीता यादव कार्यरत हैं। विद्यालय परिवार का कहना है कि सभी शिक्षक नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी विकास में बाधा बनी हुई है।
ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से विद्यालय का निरीक्षण कर चारदीवारी का निर्माण, पेयजल व्यवस्था की मरम्मत तथा अतिरिक्त कक्षों का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होने पर बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

